बिरनो में सड़क हादसे में एक बालक की मौत के बाद लगी ग्रामीणों की भीड़।
थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के सामने गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर सोमवार की सुबह इनोवा कार की टक्कर से कक्षा दो में पढ़ने वाला छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होने पर परिजन छात्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में छात्र ने दम तोड़ दिया। इससे गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने घटना स्थल पर शव रखकर मार्ग जाम कर दिया। जाम की जानकारी होने पर पहुंचे एसडीएम सदर और कासिमाबाद सीओ के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। दो घंटे तक चले जाम से मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बिरनो गांव निवासी सुरेश राम का पुत्र रामप्रवेश (11) गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग के किनारे स्थित अपने मकान से निकल कर पैदल कहीं जा रहा था। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से तेज गति से आ रही इनोवा कार की चपेट में आ गया। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने इनोवा चालक को पकड़ लिया। चालक बालक के इलाज के लिए परिवार वालों को 1500 रुपये देकर आजगमढ़ के लिए रवाना हो गया। आनन-फानन में लोग गंभीर रूप से घायल बालक को इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में बालक ने दम तोड़ दिया।
इस घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने घटना स्थल पर बालक का शव रखकर गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग जाम कर दिया। जाम की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने जाम समाप्त करने के लिए लोगों को काफी समझाया-बुझाया लेकिन वह मुआवजे और इनोवा चालक को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस ने इसकी जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दी। जाम और घटना की जानकारी होने पर सदर एसडीएम विजयशंकर तिवारी और कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी उदयानंद सिंह मौके पर पहुंच गए। सदर एसडीएम ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन ग्रामीणों और परिवार वालों को दिया। तब जाकर कहीं ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर दो घंटे तक चले जाम के चलते गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।