बिरनो। फर्जीवाड़े के मामले में वांछित आरोपी के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने और गिरफ्तारी से बचने पर आजमगढ़ के तरवां थाने की पुलिस ने गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र स्थित आरोपी के घर और मोहल्ले में मुनादी कराई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
बिरनो थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि आजमगढ़ जनपद के तरवां थाना में दर्ज प्राथमिकी में राजापुर भड़सर निवासी दीपक गौड़ वांछित है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा है। न्यायालय में भी उपस्थित नहीं हो रहा है। न्यायिक मजिस्ट्रेट आजमगढ़ ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) और धारा 82 सीआरपीसी (84 बीएनएसएस) के तहत आदेश जारी किया है। न्यायालय के आदेश के पर तरवां पुलिस ने आरोपी दीपक गौड़ के घर और मोहल्ले में नियमानुसार मुनादी कराई। इस दौरान सार्वजनिक रूप से सूचना दी गई। साथ पुलिस ने चेताया कि आरोपी 29 अक्तूबर तक न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होता है तो कुर्की की कार्रवाई होगी।