ओमप्रकाश वर्मा को सिविल बार एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच तीन पदों के लिए बुधवार को हुए मतदान में महासचिव पद पर नवीन कुमार राय तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर विरेंद्र कुमार पांडेय निर्वाचित घोषित किए गए।
सिविल बार एसोसिएशन के तीन पदों अध्यक्ष, महासचिव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए बुधवार सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान के लिए तीन बूथ बनाए गए थे। सभी बूथों पर मतदान के लिए अधिवक्ताओं में उत्साह दिखा। दिन में 2 बजे तक हुए मतदान में कुल 1053 अधिवक्ता मतदाताओं में से 920 ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतों की गणना के दौरान अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 3-3 मत तथा महासचिव पद पर चार मत अवैध घोषित किए गए।
घोषित नतीजों के अनुसार अध्यक्ष पर ओमप्रकाश वर्मा को 375, गोपाल जी लाल श्रीवास्तव को 124, राकेश कुमार केशरी को 19, रामनसीब राय को 187 एवं ओमप्रकाश गुप्त को 217 मत मिले। इसी तरह महासचिव पद पर रामप्रताप सिंह यादव को 254, नवीन कुमार राय को 415 और शशिकांत सिंह को 247 मत मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शंकर गोपाल चौबे को 211, आनंदशंकर सिंह कुशवाहा को 242 और विरेंद्र कुमार पांडेय को 464 मत मिले।
मालूम हो कि कोषाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम एवं द्वितीय, सहसचिव प्रशासन, सहसचिव पुस्तकालय तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकारिणी के 12 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके है। चुनाव के चलते सुबह से लेकर परिणाम आने तक गहमा-गहमी बनी रही। जिन प्रत्याशियों को मिली, उनके समर्थक खुशी से झूमते रहते है, जबकि चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों के समर्थक मायूस होकर वहां से लौट गए।
विजयी प्रत्याशियों को उनके समर्थको ने माला पहनाकर उन्हें बधाई दी। एसोसिएशन के चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। निर्वाचित पदाधिकारियों का कहना था कि बार और बेंच में सामंजस्य स्थापित करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा और अधिवक्ता हितों की लड़ाई लड़ी जाएगी।