गाजीपुर। पशु पालन विभाग की चार योजनाओं से लाभार्थियों को अनुदान, रोजगार व पुरस्कार मिलेगा। इनमें नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना व मुख्यमंत्री प्रगतिशील प्रोत्साहन योजना शामिल है। इन योजनाओं से पशु पालकों व युवाओं को सहूलियत मिलेगी। योजनाओं के संचालन का उद्देश्य स्वदेशी गाय पालन को बढ़ावा देना है। इनके जरिए अनुदान, रोजगार, पुरस्कार के साथ ही बैंक से ऋण की भी सुविधा मुहैया कराई जा रही है। नंदिनी कृषक समृद्धि योजना की लागत 62.50 लाख रुपये हैं। इसमें 50 प्रतिशत 31.25 लाख रुपये अनुदान का प्रावधान है। इसको तीन किस्तों में दिया जाएगा। शर्त यह है कि लाभार्थी को 25 स्वदेशी नस्ल की गाय प्रदेश के बाहर से खरीदनी होगी। मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना की लागत 23.60 लाख रुपये हैं। लागत का 50 प्रतिशत अनुदान लाभार्थी को दिया जाएगा। लाभार्थी को 10 स्वदेशी नस्ल की गाय की खरीदारी करनी होगी। मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के तहत एक पशु पालक को 2 गायों की खरीद पर प्रति गाय 40 प्रतिशत 80 हजार रुपये अनुदान मिलेगा। गायों का बीमा व चारा काटने की मशीन जरूरी है। मुख्यमंत्री प्रगतिशील प्रोत्साहन योजना के तहत 8 से 12 लीटर दूध उत्पादन पर 10 हजार व 12 से 15 लीटर दूध उत्पादन पर 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
युवा आर्थिक रूप से होंगे स्वावलंबी- गाजीपुर। नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना व मुख्यमंत्री प्रगतिशील प्रोत्साहन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना है। योजनाओं के माध्यम से युवा खुद रोजगार प्राप्त करने के साथ ही दूसरों को भी रोजगार मुहैया करा सकते हैं। संवाद
चारों योजनाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 23 अगस्त है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। योजनाओं का उद्देश्य स्वदेशी गाय पालन को बढ़ावा देना है। - डॉ. आरके गौतम, उप मुख्यचिकित्साधिकारी पशु पालन विभाग