बरेसर में विषैले जंतु के काटने से मौत की खबर में--- मृतक आकाश कुमार फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
बरेसर। थाना क्षेत्र के हाजीपुर बरेसर गांव में बृहस्पतिवार की रात मां के साथ चारपाई पर सो रहे किशोर की विषैले जंतु के काटने से मौत हो गई। पेट में दर्द और गला जाम होने पर घटना की जानकारी परिजनों को हुई। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि हाजीपुर बरेसर गांव निवासी वीरबहादुर कुमार ने तहरीर से जानकारी दी कि उनका पुत्र आकाश कुमार (11) परिजनों के साथ भोजन करने के बाद मां आशा देवी के साथ घर में चारपाई पर सो रहा था। रात करीब एक बजे किसी विषैले जंतु ने उसे काट लिया। उस समय आकाश को कुछ पता नहीं चला। सुबह करीब चार बजे पुत्र आकाश ने पेट में दर्द और गला जाम होने की शिकायत की। पास- पड़ोस की सहायता से पुत्र को सीएचसी लाया गया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे इलाज के दौरान आकाश की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इधर परिजनों के रोने- बिलखने से ग्रामीणों की भीड़ दरवाजे पर जुट गई। आशा देवी पुत्र का नाम लेकर रोते- रोते अचेत हो जा रही थीं। उनकी यह दशा देख वहां मौजूद लोगों की आंख भर आई। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।