गाजीपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार पांडेय ने बृहस्पतिवार को विभिन्न अस्पतालों और जांच केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर पांच अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों को नोटिस जारी कर 10 दिन में कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, प्रकाश नगर स्थित प्रत्यक्ष पैथोलॉजी लैब का पंजीकरण निरस्त करने की संस्तुति की गई है। सीएमओ के अनुसार, निरीक्षण में चिकित्साधिकारी और पैरामेडिकल स्टाफ अनुपस्थित मिले। आवश्यक दवाओं की उपलब्धता नहीं थी। ऑपरेशन थिएटर की साफ-सफाई में कमी, बायोमेडिकल वेस्ट के गलत निस्तारण और अग्नि सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन जैसी खामियां भी सामने आईं। पंजीकरण और निर्धारित मानकों से जुड़ी कमियां भी पाई गईं।
उन्होंने बताया कि एपेक्स हॉस्पिटल, हेतिमपुर महाराजगंज, भीमधरा हॉस्पिटल, सैनिक चौराहा, राज हॉस्पिटल, आरटीओ कार्यालय के पास अतरौली, वैष्णो क्लीनिक हॉस्पिटल, सैनिक चौराहा और एसआर डायग्नोस्टिक, तुलसी नगर चुंगी को नोटिस जारी किया गया है। सभी को 10 दिन के भीतर कमियां दूर करने का अल्टीमेटम दिया गया है।
सीएमओ ने बताया कि प्रकाश नगर स्थित प्रत्यक्ष पैथोलॉजी लैब में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसका पंजीकरण निरस्त करने की संस्तुति की गई है। निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर शैलेष और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके सरोज भी मौजूद रहे।