बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के चयन में कथित अनियमितता के मामले में जांच तेज हो गई है। तीन सहायिकाओं का चयन दूसरे गांव में किए जाने की शिकायत पर प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) संजय सोनी ने सैदपुर सीडीपीओ सुनीता सिंह को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। शिकायत के अनुसार सैदपुर तहसील क्षेत्र में तीन सहायिकाओं का चयन उनके मूल गांव के बजाय दूसरे गांव में किया गया। जबकि नियमानुसार अभ्यर्थी का चयन उसी गांव में किया जाता है, जहां वह पात्रता की शर्तें पूरी करता है। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने संबंधित पत्रावलियां तलब कर मामले की जांच शुरू की थी। अब जांच को आगे बढ़ाते हुए सीडीपीओ से जवाब मांगा गया है। उनके स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिले में 1352 आंगनबाड़ी सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया के दौरान कई शिकायतें सामने आई हैं। फर्जी जाति, निवास और आय प्रमाणपत्रों से जुड़े मामलों के बाद अब चयन प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन की शिकायतों की भी जांच की जा रही है।
दूसरे गांव में सहायिकाओं के चयन की शिकायत के मामले में सैदपुर सीडीपीओ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
— संजय सोनी, प्रभारी डीपीओ।