गाजीपुर। वीबी-जी राम जी योजना में श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए एनएमएमएस एप पर एक ही तस्वीर को अलग-अलग तारीखों में अपलोड करने के प्रकरण में भांवरकोल ब्लॉक में संबंधित मेठ को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही सैदपुर ब्लॉक क्षेत्र में संबंधित सचिवों के खिलाफ जांच बैठा दी गई है। भांवरकोल विकासखंड की ग्राम पंचायत टोडरपुर में एक ही मस्टररोल पर अलग-अलग तारीखों की उपस्थिति के लिए समान तस्वीरें अपलोड करने का आरोप है। वहीं सैदपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत भैरोपुर, गजाधरपुर और मठसरैया में भी ऐसे मामले प्रकाश में आए हैं। मामला प्रकाश में आने के बाद दोनों विकासखंडों में जिम्मेदारों की ओर से जांच बैठा दी गई है।
भांवरकोल ब्लॉक में संबंधित मेठ सरोज को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। वहीं सैदपुर विकासखंड में संबंधित सचिवों के खिलाफ जांच बैठा दी गई है। यह प्रकरण जिले में वीबी-जी राम जी योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहा है।
हाजिरी लगाने में गलती हुई है। इसको गंभीरता से लेते हुए मेठ को नोटिस जारी कर दी गई है। जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी। - प्रेमचंद्र, बीडीओ भांवरकोल
इस पूरे प्रकरण में जांच बैठा दी गई है। प्रथम दृष्टया सचिव स्तर पर गलती होने का मामला प्रकाश में आ रहा है। जांच पूरी होने पर संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी। - ज्योति चौरसिया, एसडीएम व प्रभारी बीडीओ सैदपुर
इस पूरे मामले में जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। - विजय यादव, डीसी मनरेगा