गाजीपुर। संदिग्ध शैक्षिक प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रहे दो शिक्षकों की जांच के बाद उनके टेट एवं स्नातक के प्रमाण पत्र संदिग्ध मिले हैं। इन शिक्षकों को नोटिस जारी कर विभाग की ओर से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बताया गया है कि हवलदार यादव 2016 में और आशीष कुमार इसी वर्ष हुई 16448 वाली शिक्षक भर्ती में चयनित हुए थे। उस समय किसी तरह संदिग्ध शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सहारे नौकरी हथिया लिया। कुछ दिन पहले दोनों शिक्षकों की किसी ने बीएसए एवं एसटीएफ से शिकायत कर दी। इस पर बीएसए की ओर से कराई गई जांच में सामने आया कि हवलदार का टेट प्रमाण पत्र तथा आशीष का टेट एवं स्नातक दोनों प्रमाण पत्र संदिग्ध है। यह कहीं से कूटरचित कर बनाए गए हैं। मामला सामने के बाद हवलदार को एक सप्ताह पहले पहली नोटिस जारी की गई लेकिन समय बीतने के बाद भी उसका कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद फिर दूसरी नोटिस जारी की गई और सप्ताह भर के भीतर जवाब मांगा गया है। उधर आशीष कुमार को पहली नोटिस जारी की गई। विभाग की ओर से ऐसे शिक्षकों को तीन बार नोटिस जारी की जाती है। इसका जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाती है। बीएसए श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि जांच में दो और शिक्षकों हवलदार यादव एवं आशीष कुमार का शैक्षिक प्रमाण पत्र संदिग्ध मिला है। उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। उचित जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।