कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के देवली गांव में दो दिन पूर्व झुलसी विवाहिता की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। मायके पक्ष की ओर से पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। साथ ही पूरे प्रकरण की छानबीन में जुटी है। छह अक्टूबर को संध्या गौड़ (24) अपने कमरे में झुलस गई थी। ससुराल के लोग विवाहिता को उपचार के लिए मऊ जनपद के सदर अस्पताल लेकर गए, जहां देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई थी। ससुरालजनों ने घटना की जानकारी मायके पक्ष के लोगों को दी। सात अक्टूबर को विवाहिता के पिता ने देर शाम स्थानीय थाने में पति, सास, देवर और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। विवाहिता के पति मनीष गौड़ ने बताया कि पत्नी ने स्वंय आग लगाई थी। मालूम हो कि मरदह थाना क्षेत्र के दुर्गुसी कोइरीपूरा निवासी वीरेंद्र गौड़ की पुत्री संध्या गौड़ की शादी 26 फरवरी 2015 को मनीष गौड़ से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता था। मनीष और संध्या के एक पुत्र और एक पुत्री भी है। विवाहिता के पिता विरेंद्र गौड़ ने आरोप लगाया कि ससुराल के लोगों ने मिट्टी का तेल छिड़ककर पुत्री को आग के हवाले कर दिया। बताया कि विवाहिता का पति दहेज के रूप में 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। मना करने पर जलाकर उसकी हत्या कर दी गई।