हॉट स्पाट इलाकों में कोई छूट नहीं
कई चरणों में चल रहा सैनिटाइजेशन का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जिला धीरे- धीरे कोरोना मुक्त होने लगा है। जिले में पाए गए छह में से पांच मरीज ठीक हो गए हैं। इससे लोगों में भय पहले की अपेक्षा कम हो गया है और अधिकारियों में भी कोरोना से लड़ने के लिए उत्साह दिखाई दे रहा है। हालांकि अभी जिले में किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं की जा रही है । जिले के हाट स्पाट, रेड जोन के साथ ही सभी संवेदनशील एरिया को सैनिटाइज कर संक्रमण मुक्त कराए जाने की कवायद की जा रही है। इधर लोगों के सर्वेक्षण और स्क्रीनिंग का काम भी पूरा हो गया है। रेड जोन इलाकों में भी किसी प्रकार की ढील नहीं दी जा रही है। एक मोहल्ले से दूसरे मोहल्ले में आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई है।
शहर में तीन दिन पहले कोरोना की मरीज मिलने के बाद से पूरे शहर को करीब तीन बार सैनिटाइज किया जा चुका है। महुआबाग स्थित मस्जिद, मिश्रबाजार, विशेश्वरगंज, पुलिस चौकी, जलकल विभाग मार्ग, सिटी रेलवे स्टेशन, जीआरपी बैरेक, आरपीएफ बैरेक के साथ बस स्टैंड मार्गों को अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने सैनिटाइज किया है। अन्य क्षेत्रों में भी यह क्रम लगातार बना हुआ है। जिले भर में दवा के छिड़काव का काम किया जा रहा है। सभी छह हाट स्पाट इलाकों में सख्ती की जा रही है। देखा जाए तो लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। लोगों को जरूरी सामान घरों में ही पहुंचाया जा रहा है। दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार मरकजी मस्जिद, चिउटहां आदि इलाकों में अभी कोई ढील नही दी गई है। हाटस्पाट एरिया में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। मरकजी मस्जिद, जामा मस्जिद तथा मदीना मस्जिद, अरंगी गांव के मरकज मस्जिद के एरिया को दो से तीन बार सेनिटाइज कर दिया गया है। इसी प्रकार जिले भर की नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों की ओर से जगह जगह सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने बताया कि हॉटस्पाट इलाकों में अभी कोई छूट नहीं दी गई है। स्थिति का आंकलन किया जा रहा है। जिसकी रिपोर्ट शासन को दी जा रही है।