गाजीपुर। जमानिया कोतवाली पुलिस, खनन विभाग और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से शनिवार को जमानिया कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नौ वाहनों को सीज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
इधर, चेकिंग अभियान चलने की जानकारी होते ही अधिकांश भारी वाहन चालकों ने जहां रास्ता बदल दिया तो कुछ चालक वाहन को पटरी पर खड़ाकर इधर- उधर दुकानों पर बैठे दिखाई पड़े। कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना स्थानीय क्षेत्र में व्यापक स्तर पर संयुक्त चेकिंग अभियान चला रही है। खनन विभाग व परिवहन विभाग के साथ मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई।
इस दौरान विशेष रूप से ओवरलोड वाहनों, बिना वैध प्रपत्रों के संचालित वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों की गहनता से जांच की गई। चेकिंग के दौरान कई वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए नौ वाहनों को सीज किया।