गाजीपुर। कोरोना महामारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। किसी व्यक्ति अथवा परिवार के संक्रमित मिलने पर सबसे पहले उससे जुड़े लोगों तथा उसके संपर्क में आने वालों का स्वास्थ्य परीक्षण हो रहा है। इसके बाद उन्हें 14 दिनों तक क्वारंटीन कर उनकी जांच की जा रही है। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार संबंधित गांव को कंटेनमेंट (हॉट स्पॉट) जोन घोषित किया जा रहा है। अब तक जनपद में कुल 54 हॉट स्पॉट बनाए जा चुके हैं। इस एरिया को पूरी तरह सील कर यहां आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।
जनपद में गैर प्रांत से आने वाले प्रवासियों की भीड़ दिनों दिन बढ़ती जा रही है। यह स्पेशल ट्रेनों के साथ सड़क मार्ग से भी घर वापस हो रहे हैं। इनकी सीमावर्ती इलाके में चेकिंग, रजिस्ट्रेशन के साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है। संदिग्ध मिलने पर लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने पूरी सख्ती से लॉकडाउन के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही हॉट स्पॉट एरिया में विशेष नजर रखने को कहा है। बुधवार को करंडा विकास खंड के नारायणपुर गांव तथा दिलदारनगर नगर पंचायत के राजनगर मुहल्ले को नया हॉट स्पॉट बनाया गया। इन दोनों जगहों पर प्रतिबंधित एरिया को चारो तरफ से बैरिकेडिंग कर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है। गांव में सैनिटाइजेशन का कार्य जल्द शुरू करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही घर-घर स्क्रीनिंग और जरूरत के हिसाब से सैंपलिंग भी की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा अब तक सदर तहसील में दस, सैदपुर तहसील में 12, कासिमाबाद में छह, मुहम्मदाबाद में चार, सेवराई में सात, जमानिया में एक तथा जखनियां में 14 हॉट स्पॉट बनाए गए हैं।