विमान हादसे में जान गंवाने वाले युवकों के परिजनों ने गाजीपुर जिला प्रशासन के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर शीघ्र शव दिलाने की मांग की है। बेटों का शव गांव नहीं आने से परिजनों के साथ गांव के लोग भी परेशान हैं। रोते-रोते सभी की आंखों के आंसू सूख गए हैं। पांच दिन से घरों में खाना नहीं बन रहा है। लोग केवल टकटकी लगाए हैं कि लाल का शव कब आएगा।
शुक्रवार देर शाम मृतकों के परिजनों के साथ-साथ ग्रामीण एसडीएम वीर बहादुर यादव से मिलने पहुंचे। गुहार लगाई कि वहां जांच में देरी हो रही है, ऐसे में काठमांडू गए परिजनों को मृत युवकों का शव दिखाया जाए। इस पर एसडीएम ने कहा कि मामला विदेश से संबंधित है। डीएम लगातार वहां के दूतावास से संपर्क में हैं। आश्वसान दिया कि पूरा सहयोग किया जाएगा।