नगर के नवापुरा गंगा घाट का 1.94 करोड़ से कायाकल्प होगा। वंदन योजना के तहत नवापुरा गंगा घाट का कायाकल्प होगा। वर्तमान में नवापुरा गंगा घाट कच्चा है। साथ ही अन्य सुविधाओं का भी टोटा है। जिससे लोगों को सहूलियत नहीं मिल पाती है। वंदन योजना के तहत नवापुरा गंगा घाट को संवारने को लेकर प्रस्ताव शासन से मंजूर हो गया है। इसके तहत घाट का निर्माण होगा। विश्रामालय का निर्माण होने के साथ ही प्रकाश की भी व्यवस्था की जाएगी।
गंगा घाट पर एक टूरिस्ट केंद्र भी बनाया जाएगा। टयूरिस्ट केंद्र से बाहर से आने वाले पर्यटकों को गंगा घाट की ऐतिहासिकता के बारे में जानकारी मिलेगी। साथ ही गंगा घाट पर क्या-क्या सुविधाएं मौजूद हैं, उसके बारे में भी जानकारी दी जाएगी। वहीं वर्तमान में गंगा घाट पर विश्रामालय बनाने का कार्य भी शुरू हो गया है।
नगर पालिका ईओ धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि वंदन योजना के तहत नवापुरा गंगा घाट पर विकास के कार्य होंगे। बताया कि नगर के अफीम फैक्टरी के पास स्थित नवापुरा गंगा घाट पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग आते हैं। घाट पर बैठकर लोग गंगा की प्राकृतिक सौंदर्य को निहारते हैं।