गाजीपुर/दुबिहां। करीब चार वर्ष पूर्व नेवादा गांव में हुए झगड़े में पिता की पिटाई का बदला लेने के लिए हत्यारोपी शक्तिनारायण राय ने हरदासपुर गांव स्थित कटरे के बरामदे में चौकी पर सो रहे रामबचन ठाकुर की धारदार हथियार से हत्या की थी। मंगलवार को मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि तीन अप्रैल की रात हरदासपुर स्थित कटरे के बरामदे में चौकी पर सो रहे नेवादा गांव निवासी रामबचन ठाकुर की धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र चंदन ठाकुर की तहरीर पर गांव के पांच आरोपियों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने तीन संदिग्धों को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी, जबकि एसओजी की दो और स्थानीय पुलिस की एक टीम मामले के खुलासे में जुटी थी। मंगलवार सुबह थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल के नेतृत्व में जांच के दौरान नामजद आरोपी शक्तिनारायण राय को गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम उसे हरदासपुर स्थित बगीचे में लेकर पहुंची। इसी दौरान वह एक आरक्षी को धक्का देकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने छिपाकर रखे तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई। मौके से दो बांस के डंडे, एक कुल्हाड़ी, एक तमंचा और एक खोखा बरामद साथी की तलाश में जुटी पुलिस
एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि हत्यारोपी शक्तिनारायण राय को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके एक साथी की तलाश के लिए पुलिस और एसओजी टीम लगी हुई है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
2022 में सरस्वती पूजा के दिन हुआ था झगड़ा
दुबिहां। करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल ने बताया कि आरोपी ने बताया कि2022 में सरस्वती पूजा के दिन झगड़ा हुआ था। इसमें रामबचन ठाकुर ने उसके पिता विजय नारायण राय की पिटाई की थी। साथ ही पिता और भाई लक्ष्मीनारायण राय के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। इसी घटना का बदला लेने के लिए वह योजना बना रहा था।
पूणे जेल में हत्या के आरोप में था बंद, चार महीने पूर्व आया था गांव
दुबिहां। करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शक्तिनारायण राय हत्या के एक मामले में पूना जेल में बंद था। जेल में उसके पिता विजय नारायण राय मिलने गए थे, जहां उन्होंने मारपीट की जानकारी दी थी। तब आरोपी ने बाहर आकर बदला लेने की बात कही थी। इसी बीच उसके पिता का निधन हो गया। करीब चार माह पहले जेल से छूटकर गांव आने के बाद वह वारदात को अंजाम दिया। बताया कि आरोपी रामबचन ठाकुर की हत्या करने की फिराक में था, लेकिन प्रतिदिन कटरे के बरामदे में मृतक अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ रहते थे। तीन अप्रैल की रात उन्हें अकेला पाकर उसने हत्या कर दी।
आरोपी पर हत्या सहित 10 मुकदमे दर्ज हैं
एएसपी ग्रामीण ने बताया कि शक्तिनारायण राय शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में उसके खिलाफ जनपद समेत अन्य प्रांतों में करीब दस आपराधिक मामले दर्ज हैं।