गाजीपुर। नगर पालिका क्षेत्र में पांच साल से नए भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वे नहीं हुआ । अब वित्तीय वर्ष 2026-27 में पालिका ने सर्वे शुरू कराया है।
कर अधिकारी जय प्रकाश के नेतृत्व में चार सदस्यीय राजस्व टीम अब तक 115 ऐसे भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर चुकी है, जिनका पालिका के पास कोई रिकॉर्ड नहीं था और न ही उन पर कर निर्धारित था।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डीके राय ने बताया कि वर्ष 2021-22 के बाद नए भवनों का सर्वेक्षण नहीं कराया गया था। अगस्त से राजस्व टीम नए भवनों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वे कर रही है। टीम में कर अधिकारी जय प्रकाश, राजस्व निरीक्षक मंजीत सिंह और रविंद्र सोनकर सहित संबंधित फील्ड ऑफिसर शामिल हैं।
चिह्नित संपत्तियों का स्वमूल्यांकन के आधार पर कर निर्धारण किया जा रहा है। इससे पालिका के राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
000
छह करोड़ के सापेक्ष 1.76 करोड़ रुपये की वसूली
ईओ के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में नगर क्षेत्र के 21 हजार से अधिक भवनों से करीब सवा करोड़ रुपये जलकर और गृहकर की वसूली की गई थी। इस वित्तीय वर्ष में करीब छह करोड़ रुपये कर वसूली का लक्ष्य रखा गया है। अब तक पालिका 1.76 करोड़ रुपये की वसूली कर चुकी है।
000
करीब 1.5 करोड़ रुपये की होगी वसूली
नगर पालिका के ईओ ने बताया कि चिह्नित किए गए 115 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से स्वकर व्यवस्था के तहत करीब 1.5 करोड़ रुपये की वसूली की जाएगी। इसमें गृह एवं जल कर समेत अन्य कर शामिल होंगे।
000
चिह्नित किए गए 115 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के ऊपर निर्माण की तिथि से कर लगाया जाएगा। यह व्यवस्था नगर निकाय नियमावली के तहत लागू की जाएगी। आगे भी जो व्यवसायिक प्रतिष्ठान चिह्नित किए जाएंगे, उन पर भी यह व्यवस्था लागू रहेगी। डीके राय, ईओ, नगर पालिका