आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने शुक्रवार को मंडल अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार एवं जिलाध्यक्ष डा. संतन कुमार के नेतृत्व में सिद्घेश्वरनगर स्थित रेल राज्यमंत्री और दूरसंचार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा के आवास का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचे रेल राज्यमंत्री को पदोन्नति से संबंधित आरक्षण बिल बहाल करने के संबंध में 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। रेल राज्यमंत्री ने मांगपत्र को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि मानसून सत्र में लोकसभा में लंबित 117 वां संविधान संशोधन बिल पास नहीं किया जाता है तो राष्ट्रीय नेताओं के आह्वान पर एक सितंबर से राष्ट्रव्यापी रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष डा. संतन कुुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार अगर न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए सर्वे कराकर शीघ्र पदोन्नति में आरक्षण बहाल नहीं करती हैं तो 24 सितंबर को विधान सभा का घेराव होगा। पूर्व जोनल कोआर्डिनेटर प्रो. सुनील कुमार ने कहा कि आरक्षण की सहायता से हमारे समाज को प्रत्येक क्षेत्र में प्रतिनिधित्व करने का समान अवसर प्राप्त होता है।
इस प्रतिनिधित्व के अवसर को कुछ लोग छिनने का प्रयास कर रहे है जो समाज के साथ अन्याय है। इसके लिए संघर्ष सदैव जारी रहेगा। बद्री राम ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हक से वंचित कर समाज को गुमराह करने का काम कर रही हैं। डा. आरके गौतम ने कहा कि आरक्षण को हर क्षेत्र में लागू किया जाए। ओम प्रकाश ने कहा कि दलित सांसद एवं विधायक आरक्षित सीट पर ही चुनाव जीतकर आरक्षण का समर्थन नहीं कर रहे हैं। इस मौके पर बेचई राम, रामदत्त, रजत, राजेंद्र, योगेशकांत, कैलाश, राधेश्याम, नंदू, सतिराम, ओम प्रकाश, अजयानंद, संतोष भारती, यशवंत, जर्नादन, तुलसी, बासूराम, नंदलाल, सुनील, मनोज, अजय, राजेंद्र आदि रहे।