मरदह। थाना क्षेत्र के गजपतपुर चट्टी पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले 38 वर्षीय हरिकेश राम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक की पत्नी राजकुमारी देवी ने बताया कि उनके पति हरिकेश राम बीते दो माह से ठेले पर फुल्की, छोला और पापड़ बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर पत्नी व बच्चे के साथ घर लौटते समय बद्धोपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से ठेले में जोरदार टक्कर मार दिया।
हादसे में हरिकेश गंभीर रूप से घायल हो गए और ठेला क्षतिग्रस्त हो गया। यल हरिकेश को पहले सीएचसी बिरनो ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज और फिर ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में नंदगंज के पास उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक चन्द्रजीत राजभर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन शोर मचाने पर ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
प्राथमिकी दर्ज, बाइक कब्जे में : थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर बाइक चालक चन्द्रजीत राजभर निवासी गहमर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे में घायल बाइक चालक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ : हरिकेश राम परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन के बाद पत्नी राजकुमारी देवी और चार बच्चों काजल (8), रोहन (7), नंदनी (3) और पांच माह की हर्षिता के सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।