गाजीपुर। मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को रायफल क्लब में ‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ व ‘शक्ति संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों जैसे लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, जमीनी विवाद और बाल विवाह पर खुलकर चर्चा हुई। इस दौरान कुल 27 मामले सामने आए, जिनमें घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद, प्रेम विवाह, शौचालय, आवास व समूह से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से कहा कि वे निडर होकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें, शासन-प्रशासन उनकी हर संभव मदद करेगा। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की टीम, वन स्टॉप सेंटर की मैनेजर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं मौजूद रहीं।