गाजीपुर। पुण्य श्लोक अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी समारोह में 21 से 31 मई तक चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की क्रियान्वयन बैठक रविवार को छावनी लाइन स्थित भाजपा कार्यालय पर हुई। इस मौके पर जिला प्रभारी डाॅ. राकेश त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय सभ्यता संस्कृति के उत्थान में मातृ-शक्तियों की बड़ी भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि पुण्य श्लोक अहिल्याबाई होलकर ने मुगलों और अंग्रेजों की ओर से देशभर में खंडित किए गए भारतीय सनातन संस्कृति के आस्था एवं श्रद्धा स्थलों, मंदिरों के जीर्णोद्धार का काम कराया। उन्होंने अभयारण्य निर्माण, नदियों पर घाट, कुआं, बावड़ी आदि का निर्माण कराया था। अहिल्याबाई होलकर भारतीय महिलाओं की प्रेरणास्रोत एवं आदर्श हैं। वह न्याय प्रिय महिला थीं, जिन्होंने समाज को दिशा दी।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने बताया कि 21 से लेकर 31 मई तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अहिल्याबाई होल्कर से जन-जन को परिचित कराया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, भानु प्रताप सिंह, कृष्णबिहारी राय, बृजेंद्र राय, अभिनव सिन्हा, विनोद अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा आदि मौजूद रहे। जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने वृत्त निवेदन और संचालन कार्यक्रम के जिला संयोजक श्यामराज तिवारी ने किया।