जमानिया। रेवतीपुर ब्लाॅक के कल्यानपुर गांव में जलजीवन मिशन के तहत शुद्ध और आर्सेनिकमुक्त पेयजल आपूर्ति के लिए करीब 80 लाख रुपये की लागत से बनी पानी टंकी तीन साल बाद भी ग्रामीणों के किसी काम नहीं आ रही है। वर्ष 2022 में पूरी तरह बनकर तैयार हो चुकी 150 केएल (1.50 लाख लीटर) क्षमता की पानी टंकी से अब तक एक बूंद भी पानी लोगों के घरों तक नहीं पहुंच सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब भी आर्सेनिक युक्त हैंडपंप का पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। या तो बाजार से महंगे दाम पर बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता है। जल निगम की लापरवाही और पाइपलाइन की खराब गुणवत्ता के कारण पानी आपूर्ति का सपना आज भी अधूरा है। गंगा किनारे बसे कल्यानपुर गांव के लिए 2018 में जल जीवन मिशन योजना के तहत यह परियोजना स्वीकृत की गई थी और 2021 में इसका निर्माण शुरू हुआ, जो 2022 में पूरा हो गया। बावजूद इसके जल निगम की ओर से बिछाई गई पाइपलाइन की घटिया गुणवत्ता के कारण जगह-जगह लीकेज और जाम की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे आज तक आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की गई लेकिन स्थिति अब भी जस की तस है। जल निगम के अवर अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जल आपूर्ति बाधित है। जल्द ही पाइपलाइन को बदलकर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।