महुली गांव में बेटी की विदाई के बाद मौत की खबर में ----मालती देवी की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
गंगौली। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के महुली बांध गांव में बृहस्पतिवार की शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। सबसे छोटी बेटी की विदाई के बाद मां की हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। समाजसेवी वीरू चौहान ने बताया कि गांव निवासी राम अवतार गोंड की सबसे छोटी पुत्री खुशबू गोंड की शादी बुधवार रात पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। बृहस्पतिवार सुबह वैवाहिक रस्मों के बाद बेटी की विदाई हुई। विदाई के दौरान मां मालती देवी (60) बेहद भावुक थीं। वह अपनी लाडली बेटी को गले लगातार रो रही थीं।
समाजसेवी वीरू चौहान के मुताबिक जैसे ही बेटी की डोली घर से निकली, मालती देवी अचानक सीने में दर्द की शिकायत करते हुए बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। बेटी की विदाई का भावुक क्षण मालती देवी के लिए जिंदगी का आखिरी पल बन गया। घटना की सूचना बेटी के ससुराल पक्ष को भी दे दी गई है।