गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव स्थित ईंट-भट्ठे के पास सड़क किनारे खेत में हत्याकर फेंके मिले मजदूर के शव मामले का बृहस्पतिवार को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। मजदूर की हत्या आशनाई में हुई थी। पुत्रों ने मां के साथ मिलकर ईंट से सिर पर वारकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके दोनों पुत्रों का चालान कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के देवनाथपुर पटखौली गांव निवासी प्रमोद कुमार जगदीशपुर में पार्टनरशिप में चल रहे सुअरबाड़े में मजदूरी का काम करता था। 11 अक्तूबर को उसका शव सैदपुर कोतवाली के जगदीशपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास खेत में मिला था। मृतक की पत्नी सरस्वती ने सुअर बाड़ा के मालिक पूर्व प्रधान धर्मपाल यादव और उसके दो पुत्र सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मुकदमे के आधार पर जांच कर कार्रवाई में जुटी हुई थी। छानबीन के दौरान हत्याकांड में शामिल मुन्ना राम, गोविंद राम उर्फ बच्ची और माया देवी निवासी जगदीशपुर(बासगांव) कोतवाली सैदपुर का नाम प्रकाश में आया। पुलिस इन्हें दबोचने के लिए जुटी हुई थी। सुबह छह बजे घर से कहीं भागते समय प्रभारी निरीक्षक सैदपुर द्वारा रोककर थाने पर लाकर आरोपी रानी उर्फ गोविंद राम से पूछताछ की गई तो हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई। हत्यारोपी रानी उर्फ गोविंद राम बताया कि अपने भाई मुन्ना राम और मां के साथ सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी थी। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट पुलिस ने बरामद कर लिया गया। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।