मौधा। आखिरकार सैदपुर नगर में बृहस्पतिवार को विभिन्न विभागों का निरीक्षण करने आए सीडीओ संतोष कुमार वैश्य की तीन विशालकाय पेड़ों के नीचे बने चबूतरे पर बैठकर पढ़ाई करते नगर के प्राथमिक विद्यालय प्रथम के लगभग 300 बच्चों पर नजर पड़ ही गई। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को दो दिनों के भीतर बच्चों की पढ़ाई के लिए कक्ष आवंटित करने का निर्देश दिया।
सीडीओ ने इसके बाद डायट परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की पड़ताल की जहां कक्षाएं संचालित पाई गईं। वार्डेन ने उन्हें बताया कि बंदरों से बचने के लिए जाली और वाटर कूलर की आवश्यकता से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
सीडीओ ने कक्षाओं में बालिकाओं से पढ़ाई, भोजन एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। स्टोर रूम में जाकर उपलब्ध दाल, चावल, तेल, मसाला सहित अन्य राशन को देखा। उन्होंने विद्यालय के सामने बाउंड्री बनवाकर गेट लगाने का निर्देश बीडीओ सैदपुर धर्मेंद्र यादव को दिया। इसके पहले सीडीओ ने जौहरगंज स्थित अस्थाई गो-आश्रय स्थल एवं खंड विकास कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान डायट प्राचार्य उदयभान, डीपीआरओ अंशुल मौर्या, बीईओ अविनाश कुमार, प्रधानाध्यापिका इंदु त्रिपाठी, हरिशंकर यादव आदि मौजूद थे।