जमीन अपने नाम कराने का दबाव और पहले दी गई धमकियों के विवाद के बीच क्षेत्र के धरवा गांव में मां जैबुन निशा (35) और बेटी ऐमन निशा (10) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह बंद मकान का ताला तोड़कर परिजन अंदर पहुंचे तो महिला का शव फर्श पर और बेटी का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। दोनों की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान थे।
कासिमाबाद थाना क्षेत्र के सकहा गांव निवासी व जैबुन निशा के भाई मोहम्मद अमीर उल्लाह ने धरवा गांव निवासी पड़ोसी परवेज उर्फ सोनू पर हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपी उसकी बहन पर मकान और जमीन के कागजात अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। पूर्व में एक बार हम लोगों ने समझौता कराया था।
मोहम्मद अमीरुल्लाह ने बताया कि उसकी बहन जैबुन निशा (35) अपनी 10 वर्षीय बेटी ऐमन निशा के साथ करीब आठ वर्ष से धरवा गांव में मकान बनवाकर रह रही थी। मंगलवार को उसने बहन के मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। संदेह होने पर उसने अपनी दूसरी बहन शबाना को धरवा भेजा। वहां पहुंचने पर मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला बंद मिला। इसके बाद मोहल्ले के लोगों की मदद से ताला तोड़वाया गया। अंदर के कमरे में जैबुन निशा का शव फर्श पर और बेटी ऐमन का शव बेड पर पड़ा था। दोनों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी।
अमीरुल्लाह के मुताबिक, कुछ दिन पहले परवेज उर्फ सोनू बिजली का केबल काटकर ले गया था। इसकी शिकायत उसकी बहन ने आरोपी के घरवालों से की थी। बाद में घरवालों ने केबल वापस करा दिया था, लेकिन शिकायत करने से परवेज उससे नाराज था। भाई का आरोप है कि आरोपी ने रास्ते में उसकी बहन को रोककर मकान और जमीन अपने नाम लिखने के लिए कहा था। ऐसा नहीं करने पर उसे और उसकी बेटी को काट डालने की धमकी दी थी। परिजनों का आरोप है कि जमीन के कागजात अपने नाम कराने के दबाव में ही मां-बेटी की हत्या की गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी परवेज ऊर्फ सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सात साल पहले पति छोड़कर चला गया था
नंदगंज। धरवा में मां-बेटी की हत्या की घटना ने परिवार को झकझोर दिया है। जैबुन निशा अपनी बेटी ऐमन के साथ रहती थीं। उनकी बहन शबाना ने बताया कि परिवार में छह बहनें और दो भाई हैं। जैबुन चौथे नंबर पर थी। उसकी शादी करीब 13 वर्ष पहले मेरठ निवासी गुलफाम से हुई थी। शादी के बाद पति मोहम्मदाबाद में किराये के मकान में रहता था।
शबाना के मुताबिक, करीब सात वर्ष पहले गुलफाम उसकी बहन और बेटी को छोड़कर कहीं चला गया और दूसरी शादी कर ली। इसके बाद जैबुन के पिता ने धरवा गांव में जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। उसी मकान में जैबुन अपनी बेटी के साथ रहने लगी थी। ऐमन कक्षा तीन की छात्रा थी।
शबाना का आरोप है कि परवेज उर्फ सोनू उसकी बहन के घर आता था और जमीन के कागजात मांगकर अपने नाम करवाना चाहता था। जमीन नहीं देने पर वह दबाव बनाता था। परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के चलते मां-बेटी को निशाना बनाया गया। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
000
केबल चोरी की शिकायत के बाद बढ़ी थी रंजिश
मृतका के भाई मोहम्मद अमीरुल्लाह ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले परवेज उर्फ सोनू उसके घर के बिजली के केबल को काटकर ले गया था। इसकी शिकायत जैबुन ने आरोपी के परिजनों से की थी। बाद में उसके घरवालों ने केबल वापस करा दिया था। भाई का कहना है कि शिकायत से नाराज परवेज बहन से रंजिश रखने लगा था।
000
ताला तोड़कर अंदर पहुंचे
मां-बेटी से संपर्क नहीं होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद जैबुन की बहन शबाना धरवा स्थित मकान पर पहुंची। मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। मोहल्ले के लोगों की मौजूदगी में ताला तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।
गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाईं
दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि टीमें आरोपी की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। परिजनों से मिली जानकारी के साथ ही हत्या के पीछे के कारणों और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। एसपी ने जल्द घटना का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है।
नंदगंज थानाक्षेत्र के धरवा में मां और बेटी की हत्या की खबर में---------मृतका जैबुन निशा की फाइल