लंका स्थित मैरेज हाल में पत्रकार वार्ता करते श्रीरामलीला कमेटी हरिशंकरी के पदाधिकारी। संवाद
गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की चलायमान रामलीला छह अक्तूबर से शुरू होगी। मंगलवार को एकादशी के दिन हरिशंकरी स्थित राम चबूतरे पर धनुष-मुकुट पूजन के साथ 19 दिवसीय रामलीला का शुभारंभ होगा।
श्रीरामचरित मानस पर आधारित पारंपरिक रामलीला का मंचन अलग-अलग स्थलों पर होते हुए 16 अक्तूबर को रामलीला मैदान लंका पहुंचेगा। यहां 16 से 20 अक्तूबर तक मंचन होगा।
यह जानकारी बृहस्पतिवार को कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने देते हुए बताया कि 20 अक्तूबर को विजयादशमी पर शाम 7:30 बजे राम-रावण युद्ध का मंचन और रात आठ बजे करीब 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। रावण दहन कमेटी के संरक्षक जिलाधिकारी और सह-संरक्षक पुलिस अधीक्षक बटन दबाकर करेंगे।
मैदान में एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था भी की जाएगी। रामलीला का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामलीला की तैयारियां करीब एक माह से चल रही हैं।
रावण का पुतला बनाने और विभिन्न स्थलों की साफ-सफाई का काम जारी है। 24 अक्तूबर को हरिशंकरी स्थित राम चबूतरे पर श्रीराम राज्याभिषेक के साथ रामलीला का समापन होगा। इस अवसर पर वाराणसी के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।