सेवराई। जमानिया की विधायक सुनीता सिंह ने अपने आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को फोन से निस्तारण करने का निर्देश दिया।
विधायक ने अपने गांव स्थित पैतृक आवास सृजन पर बुधवार को जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत विभिन्न गांव से आए फरियादियों की समस्याओं को सुना। दिलदारनगर में शुक्रवार को हो रही बाजार बंदी में कुछ व्यापारियों द्वारा मनमाने तरीके से दुकान खोलने के बाबत प्रशासनिक स्तर से बंदी लागू कराने की मांग की गई। दिनेश अकेला के साथ एक प्रतिनिधिमंडल ने बाजार में नालियों की सफाई के बाद सिल्ट को सड़कों पर रखने के कारण हो रही समस्याओं के बाबत आग्रह किया। कहा कि दुकानों के सामने सिल्ट रखने से आवागमन में परेशानी के साथ-साथ दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही विधायक ने कई गांव के विवाद को संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया।