रेवतीपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी चट्टी के पास शुक्रवार की शाम बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने हवाई फायर करते हुए डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब पीड़ित व्यक्ति समूह का पैसा कलेक्शन कर बाइक से अपने घर जा रहे थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम तथा थाने को दी गई। वारदात के बाद पुलिस कप्तान रामकिशोर, क्षेत्राधिकारी जमानिया रतन सिंह यादव, क्राइम ब्रांच की टीम के साथ ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित ने तीन अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध सुहवल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
भदोही जनपद के औराई थाने के लीलापुर गांव निवासी रामबरन राम तथा बलिया जनपद के गड़वार थाने के हजौली गांव निवासी मन्नू कुमार शुक्रवार को समूह का पैसा कलेक्शन करके करने के लिए रेवतीपुर ब्लाक के पकड़ी, गोपालपुर तथा रेवतीपुर गांव गए थे, वहां से करीब डेढ़ लाख रुपये कलेक्शन कर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी बीच पहले से घात लगाए लुटेरों ने उनका पीछा किया और पकड़ी चट्टी के पास पहुंचते ही पीछे से धक्का दे उन्हें गिरा दिया। इसके बाद हवा में कई राउंड फायरिंग की। तभी एक लुटेरा रामबरन की कनपटी पर तमंचा रख रुपये से भरा बैग छीनकर भागने लगे। जाते -जाते शोर न मचान की चेतावनी दी और कहा कि शोर मचाया तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। वारदात के कुछ देर बाद डरे सहमे मन्नू कुमार ने पुलिस कंट्रोल को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस वायरलेस पूरे जनपद में गूंजने लगा। रेवतीपुर सहित सुहवल, गहमर, नगसर आदि थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर पुलिस कप्तान के निर्देश पर थाना क्षेत्र की नाकेबंदी कर वाहन चेकिंग तथा संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। रामबरन की तहरीर पर तीन अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ रतन सिंह यादव ने बताया कि लूट की घटना हुई है। एफआईआर दर्ज करने के बाद लुटेरों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है। जल्द खुलासा किया जाएगा।