जमानिया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए शनिवार को रेवतीपुर ब्लाॅक सभागार में ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर एक से 31 जुलाई तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया गया।
कार्यशाला में बीडीओ जमालुद्दीन खान ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचारी रोगों की रोकथाम और जन जागरूकता बढ़ाना है। सभी संबंधित कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा से निर्वहन करें। लोगों को बुखार, दस्त, डेंगू, मलेरिया, मस्तिष्क ज्वर और अन्य जल जनित और वेक्टरजनित रोगों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। हाथ धोने, स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित पेयजल उपयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रभातफेरी, जागरूकता रैली, सफाई अभियान, दवाओं का छिड़काव, दूषित जल उगलने वाले हैंडपंपों की पहचान और जलजमाव की रोकथाम जैसे कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे। एडीओ पंचायत शशिप्रकाश राय ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण के लिए सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। अभियान के दौरान बुखार पीड़ितों का पंजीकरण, जांच और उपचार किया जाएगा। कार्यशाला में सचिव विनीत राय, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विजयशंकर राय, मुक्तेश राय, सुनील कुशवाहा, मीनू राय, जितेंद्र यादव, प्रधान ऋषिजेश राय, अनूप राय, रजनीकांत, सुधीर सिंह, रोहित, संगीता मौर्या आदि उपस्थित रहे।