सुहवल थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बृहस्पतिवार को मिशन शक्ति के तहत समानांतर कला मंच लखनऊ के लोकगीत कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए वीमेन पावर लाइन 1090 जनजागरूकता अभियान के तहत जागरूक किया गया। गायक मुन्ना लाल यादव व उनकी टीम ने लोकगीत के जरिए महिलाओं और बेटियों को आत्मसुरक्षा की जानकारी देने के अलावा उन्हें जागरूक किया जा रहा है।
कलाकारों द्वारा कन्या विद्यालय, बस अड्डा, सार्वजनिक स्थानों, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, कस्बों, प्रमुख बाजारों, मंदिर, शिवालयों, शापिंग मॉल पर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। उपनिरीक्षक प्रमोद यादव ने बताया कि शासन एवं पुलिस महकमे की यह एक पहल है, जो अपने मकसद में सफल दिख रही है।
बालिकाओं और महिलाओं को नारी सुरक्षा-मिशन शक्ति अभियान के तहत हेल्पलाइन चलाया जा रहा है। अब मनचले सचेत हो जाए, अन्यथा पुलिस कार्रवाई के लिए तैयार खड़ी है। इसके अलावा लोकगीत के जरिए नंबर वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, साइबर हेल्पलाइन 1930, थानों के सीयूजी नंबर के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान शैलेश, संतोष, शैलेंद्र आदि मौजूद रहे।