गाजीपुर। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष रामधारी यादव के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह से मिला। इस बीच दिलदारनगर गांव के सलीम कुरैशी एवं उनके परिजनों के साथ हुए पुलिस उत्पीड़न एवं दुर्व्यवहार की जांच एवं दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पुलिस निरंकुश हो गई है, वह न तो अपराध पर लगाम लगा पा रही है और न अपराधियों को गिरफ्तार कर पा रही है बल्कि निर्दोष लोगों का उत्पीड़न कर रही है। भाजपा सरकार में पुलिस पूरी तरह से बेलगाम हो गई है। कहा हर जोर और जुल्म के खिलाफ समाजवादी पार्टी पूरी मुस्तैदी के साथ खड़ी है। हम किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करना हम समाजवादियों की परंपरा एवं संस्कृति रही है। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष श्री यादव के साथ उपाध्यक्ष निजामुद्दीन खान, महामंत्री अशोक, मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, सदानंद कनौजिया आदि शामिल थे।