गाजीपुर। अधिक से अधिक किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ दिए जाने के उद्देश्य से मुख्यालय स्तर से प्राप्त निर्देश के क्रम में क्रय केंद्रों पर हफ्ते में चार दिन सोमवार, मंगलवार, बुधवार एवं बृहस्पतिवार एक किसान से अधिकतम 50 कुंतल गेहूं ही खरीदा जाएगा। हफ्ते के शेष दो दिनों शुक्रवार एवं शनिवार में प्रति किसान 50 कुंतल से अधिक गेहूं की खरीद की जा सकेगी। नई व्यवस्था 31 मई से प्रभावी है।
कृषकों के हित को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी द्वारा शासन स्तर से किए गए विशेष प्रयास के फलस्वरूप खाद्य विभाग के गाजीपुर सदर, जंगीपुर मंडी, मरदह, करंडा, कासिमाबाद, करीमुद्दीनपुर, मुहम्मदाबाद मंडी, जखनिया, सुहवल, नौली, गहमर, सेवराई, जमानिया, सैदपुर एवं नंदगंज तथा पीसीयू शाखा के ऊंचाडीह, मुहम्मदाबाद मंडी, मुंड़ेरा बुजुर्ग, बरुइन, मंडी समिति के दिलदारनगर एवं भारतीय खाद्य निगम के जंगीपुर मंडी स्थित केंद्र पर एक कांटा बढ़ाते हुए दो कांटों से खरीद की जा रही है। रविवार को सभी क्रय केंद्रों को खोलकर खरीद की जाएगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी रतन कुमार शुक्ल ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2021-22 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत पहली अप्रैल 2021 से गेहूं की खरीद की जा रही है। इसके लिए खाद्य एवं रसद विभाग एवं अन्य क्रय एजेंसियों के जिले में 58 क्रय केंद्र संचालित है। अब तक 11580 किसानों से कुल 55846 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। गत वर्ष पूरी क्रय अवधि में कुल 22533 मीट्रिक टन खरीद की गई थी। इस प्रकार गत वर्ष से 33312 मीट्रिक टन अधिक खरीद हुई है। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 1975 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। खरीद 15 जून 2021 तक जारी रहेगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि जिन किसानों को ऑनलाइन टोकन प्राप्त नहीं हो सका है। वह दो कांटा संचालित होने वाले नजदीकी केंद्रों पर संपर्क करके अपना गेहूं विक्रय कर सकते हैं।