मतदान के बाद रेवतीपुर स्थित नेहरू विद्यापीठ इंटर कालेज के दो कमरों में बने स्ट्रांग रूम पर बुधवार को करीब तीन बजे पहुंचे पांच अराजक तत्वों ने पीएसी जवानों की संख्या पूछी। आपत्ति जताने पर अराजक तत्वों ने मतपेटिकाएं लूटने की धमकी दी तो पीएसी जवानों ने पोजीशन ले ली। यह देख अराजक तत्व भाग गए। तैनात पीएसी के जवानों ने
इसकी सूचना अपने कमांडेंट और थाने को दे दी। थानाध्यक्ष रेवतीपुर का कहना है कि कुछ युवकों से पीएसी जवानों की कहासुनी हुई थी। मामला गंभीर नहीं है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
रेवतीपुर स्थित नेहरू विद्यापीठ इंटर कालेज के दो कमरों में बने स्ट्रांग रूम में मतपेटिकाएं रखी गईं है जिसकी सुरक्षा पीएसी 39वीं वाहिनी मिर्जापुर के पांच जवानों के ऊपर है। तैनात पीएसी जवान रामजी और कमांडर राम समुझ का
कहना है कि दोपहर के करीब लगभग 3 बजे पांच की संख्या में युवक चहारदीवारी फांद कर कालेज परिसर में आ गए। वे स्ट्रांग रूम की तरफ बढ़ने लगे। रोकने की कोशिश की गई तो अराजक तत्व भिड़ गए और पीएसी जवानों की संख्या पूछी। आपत्ति जताने पर मतपेटिकाएं लूटने की धमकी देने लगे। इसकी जानकारी स्थानीय थाने को दी गई तो अराजक तत्व फिर मतपेटिकाएं लूटने की धमकी देते हुए भाग गए। अराजक तत्वों के भागने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सुरक्षाकर्मियों ने घटना की जानकारी रेवतीपुर पुलिस, कंट्रोल रूम और सेनानायक कमांडेंट को दी। लोगों का कहना था कि मतगणना स्थल की चहारदीवारी कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है, जिससे खतरे की आशंका बनी है। अगर प्रशासन ने सुरक्षा में कोताही की तो बड़ी घटना हो सकती है।
जवानों को धमकी देने मामले की जानकारी नहीं मिली है। यदि ऐसी घटना हुई है तो इसकी जांच कर धमकी देने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में मतपेटिकाएं रखी गईं हैं। = अनिल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक जमानिया
स्ट्रांग रूम के पास पहुंचे पांच लोगों बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त होने की बात कहते हुए मतपेटिकाओं को असुरक्षित बताया था। पीएसी के सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी चौकसी की बात कहते हुए कोई घटना न होने की बात कही थी। इसी को लेकर कहासुनी हुई। कोई गंभीर मामला नहीं है।
- द्वारिका पांडेय, थानाध्यक्ष रेवतीपुर