त्रिस्तरीय पंचायत के चौथे और अंतिम चरण में होने वाले चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच का काम बुधवार से शुरू हुआ। पहले दिन विभिन्न विकासखंडों के क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के पांच पर्चे खारिज कर दिए गए, जबकि एक उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गया। जांच के कार्य के चलते संबंधित जगहों पर दिन भर गहमा-गहमी रही।
त्रिस्तरीय पंचायत के चौथे और अंतिम चरण में मुहम्मदाबाद 4, कासिमाबाद 6, बाराचवर 4 एवं मरदह विकासखंड की 3 सहित जिला पंचायत सदस्य पद की कुल 17 सीट और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 426 सीट के लिए 9 एवं 10 अक्तूबर को नामांकन का कार्य कराया गया। आज से नामांकन पत्रों की जांच का काम शुरू हुआ। जिला पंचायत के रिटर्निंग
अधिकारी विद्याशंकर सिंह ने बताया कि आज जांच में कोई पर्चा खारिज नहीं हुआ। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच में एक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुआ जबकि 4 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज किये गये। मुहम्मदाबाद क्षेत्र पंचायत सदस्य के 111 वार्डों में 641 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन पत्रों की
जॉच रिटर्निंग आफीसर भूमि संरक्षण अधिकारी बीके सिंह की देखरेख में सम्पन्न हुआ। कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार ब्लाक की क्षेत्र पंचायत सदस्य की 120 सीट के लिए दाखिल 649 में से एक नामांकन आयु कम होने के कारण वार्ड संख्या-98 से प्रिया का खारिज हो गया। करीमुददीनपुर संवाददाता के अनुसार, बाराचंवर ब्लाक की 102 सीट के
लिए 596 नामांकन दाखिल हुए थे। जांच में आज कोई पर्चा खारिज नहीं हुआ। मरदह संवाददाता के अनुसार ब्लाक की क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की 93 सीट के लिए 543 पर्चे दाखिल हुए थे। जांच में आज कोई पर्चा रद्द नहीं हुआ। गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच का अंतिम दिन है। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी।