फुलवारी कलां निवासिनी विवाहिता मौत की खबर में----मृतका रिंकू की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
गाजीपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के भदहां कलां में फुलवारी कलां निवासिनी विवाहिता की मौत के बाद बिना जानकारी दिए शव का अंतिम संस्कार करने के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की तहरीर दी है। तहरीर में विवाहिता की हत्या कर शव का आनन फानन में अंतिम संस्कार करने का आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी न दर्ज किए जाने पर शनिवार को परिजनों ने चौबेपुर थाने के बाहर कुछ देर तक प्रदर्शन भी किया। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सैदपुर क्षेत्र के फुलवारी कलां गांव निवासी बबलू यादव ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी कि उनकी बहन रिंकू की शादी 15 जून 2020 को भदहां कलां निवासी संजय यादव से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे और उसके साथ मारपीट की जाती थी। 14 अगस्त को पति संजय यादव, जेठानी सुशीला देवी पत्नी मुंशी यादव व जेठानी के बेटे राहुल यादव और रवि यादव आदि ने रिंकू के साथ लाठी डंडों से मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई और शव को आनन-फानन में चोरी से कैथी घाट पर ले जाकर जला दिया गया। जब तक सूचना पाकर पुलिस पहुंचती, शव जल चुका था।
बबलू ने बताया कि जब शव जल गया तब मृतका के पति ने फोन करके बताया कि रिंकू की मौत हो गई है। इसके बाद मायके पक्ष ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए घटना की जांच कराने की गुहार लगाई है। तहरीर देने के बाद पुलिस द्वारा प्राथमिकी न दर्ज किए जाने के विरोध में परिजनों ने थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया। वहीं, चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि मृतका के भाई के तहरीर पर बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।