भीमापार। सादात थाना क्षेत्र के मलौरा गांव में एक विवाहिता ने शुक्रवार को विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मलौरा गांव निवासी पूर्व प्रधान महेंद्र यति ने बताया कि गांव निवासी राजपत राजभर ने जानकारी दी कि उनकी बहू सोनी (25) और पुत्र नीतेश राजभर से फोन से बीते दो अप्रैल को बात हुई थी। पुत्र नीतेश राजभर मुंबई में काम करता है।
सुबह राजपत राजभर पत्नी के साथ गेहूं की कटाई करने गए तो कुछ देर बाद बहू सोनी ने फोन करके बताया कि उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया है। उसे उपचार के लिए सैदपुर सीएचसी लाया गया है, जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जहां देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। इधर, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तैनात पुलिस ने शव को मॉर्च्यूरी में सुरक्षित रखवा दिया और सादात पुलिस को घटना की सूचना दी। थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि मायके पक्ष को जानकारी दी गई है। उनके थाने पर आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।