दुबिहां। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के उतरांव गांव में रविवार की रात एक विवाहिता ने पंखे के हुक से साड़ी का फंदा बना लटककर जान दे दी। वह अपने मायके में रहती थी और उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की छानबीन कर रही है।
इलाके के उतरांव गांव निवासी रामकेवल यादव की पुत्री मुन्नी (30) की शादी मऊ जनपद के एक गांव में हुई थी। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की वजह से अपने मायके में ही रहती थी। बीती रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। सोमवार की सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजनों ने बाहर से आवाज लगाना शुरू किया। इसके बाद भी दरवाजा न खुलने पर घरवालों को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी। तब आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और दरवाजे को तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देख सभी की आंखें फटी की फटी रह गईं। मुन्नी पंखे के हुक के सहारे अपनी साड़ी से फंदा बना फांसी लगा लटक रही थी। उसे किसी तरह नीचे उतारा गया। थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर दिव्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विवाहिता को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।