गाजीपुर। शहर के महुआबाग इलाके में रहने वाले लोग और कारोबारियों के लिए कोरोना आफत साबित हो रहा है। इस इलाके से एक-एक कर मरीज बढ़ते जा रहे हैं। हालत यह है कि जिले का पहला मरीज इसी इलाके में दो अप्रैल 2020 को मिला था। इसके बाद यहां कुछ दिन के अंतराल पर मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी रहा। उस समय इसे हाटस्पाट बनाया गया था। करीब तीन माह बाद भी यहां से हाट स्पाट नहीं समाप्त हो पाया क्योंकि यहां लगातार मरीजों के मिलने का सिलसिला बना हुआ है। दो अप्रैल को महुआबाग मस्जिद से ही जमाती मिले थे, जो कोरोना पाजिटिव थे। इससे पूरे इलाके को सील कर दिया गया था। इसके बाद इसी क्षेत्र के आसपास लगातार मरीज मिलते चले गए। इसके बाद महुआबाग, मिश्र बाजार, गांधी पार्क, आमघाट सहकारी कालोनी, झुन्नूलाल चौराहा आदि इलाके को तीन अप्रैल को, 14 जून फिर, 29 जून को सील कर दिया गया। बैंक, प्रतिष्ठान, सरकारी दफ्तर सभी बंद कर दिए गए। इस क्षेत्र के व्यवसाई और नागरिकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।