गाजीपुर। शहर कोतवाली के तकीपुर गांव स्थित मायके में शुक्रवार की देर रात एक विवाहिता ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी हुई है।
क्षेत्र के तकीपुर स्थित अपने मायके कुछ दिन पूर्व आई अनिता राजभर (22) देर शाम परिजनों के साथ खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई। सुबह जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं सुनाई दी तो अनहोनी की आशंका से परिजन दरवाजा खुलवाने पहुंचे। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने उसे तोड़ दिया। अंदर पहुंचे तो कमरे की छत में लगी कुंडी से साड़ी के फंदे से लटक रहे विवाहिता के शव को देखकर चीखने लगे। आवाज सुनकर आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतरवाकर कब्जे में लेने के साथ छानबीन शुरू कर दी। घटना के बाद परिवार के सदस्य रोने-बिलखने लगे। इस संबंध में एसआई उदयचंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।