सुहवल थानाक्षेत्र के पटखौलिया गांव में मायके आई एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारकर बचा लिया।
पटखौलिया गांव मायके आई रिप्पू (20) फंदे पर लटककर आत्महत्या करने की बात कहकर कमरे में चली गई। अंदर से दरवाजा बंद कर फंदे पर लटक गई। मायके के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस ने दरवाजा तोड़ दिया। पुलिस अंदर पहुंची तो विवाहिता गले में फंदा कस चुकी थी। पुलिस ने फंदा निकाला और उसे थाने ले गई। समाचार दिए जाने तक उससे पूछताछ चल रही थी।
विवाहिता के पिता महेंद्र ने बताया कि बेटी रिप्पू की शादी पिछले वर्ष जुलाई में इटावां जनपद के तेतारपुर माफी गांव निवासी सर्वेश के साथ हुई थी। ससुराल से दो माह पहले वह मायके आई थी। कहा कि बेटी मनबढ़ स्वभाव की है।
जब से ससुराल से आई है, परिजनों के साथ मारपीट करती-रहती है। वह अचानक बर्तन फेंकने के साथ ईंट-पत्थर चलाने लगी। रोकने का प्रयास किया गया तो उसने फांसी लगाने की बात कहकर कमरे को अंदर से बंद कर लिया।