हैदरगंज गांव के पास वाराणसी- गोरखपुर फोरलेन के सर्विस लेन पर लगा सब्जी का बाजार। संवाद
गाजीपुर। जिले में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन 117 किलोमीटर लंबा है। जनपद के एक छोर से दूसरे छोर तक 90 गांवों व 12 प्रमुख बाजारों तक सुगम आवागमन के लिए 19 किलोमीटर लंबे अलग-अलग हिस्सों में सर्विस लेन का निर्माण कराया गया है। सर्विस लेन से प्रतिदिन 48 हजार लोग आवागमन करते हैं। लेकिन सर्विसलेन पर जगह-जगह लगने वाले अवैध बाजार और खरीदारों के वाहनों के कारण बनी अवैध पार्किंग, लोगों के आवागमन पर ब्रेक लगा रहे हैं।
10 मिनट का रास्ता तय करने के लिए 26 मिनट लग जाते हैं। वहीं अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण 15 फीट की सड़क 8 फीट में सिमट जाती है।
वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के सर्विस लेन पर सिधौना, सैदपुर, रामपुर बंतरा, हैदगंज, करदह कैथवली, भड़सर आदि जगहों के पास बाकायदा बाजार सजता है। ठेले व अस्थायी दुकानदार जगह-जगह अवैध कब्जा कर लिए हैं।
यहां खरीदार भी पहुंचते हैं। चिप्स, गुटखा, पान, चाय, फल, चाट आदि की दुकानें ठेले पर आसानी से देखी जा सकती हैं। तिरपाल, बोरा बिछाकर सब्जी बेचने का भी कार्य किया जाता है।
एक ओर दुकानदार सर्विसलेन पर अतिक्रमण करते हैं तो दूसरी तरफ खरीदार भी अपने चार पहिया व दो पहिया वाहनों को आड़े-तिरछे खड़ा करके खरीदारी करते हैं। सर्विसलेन के बाजार पर जहां खरीदारों को रोजमर्रा की चीजें मिल जाती हैं तो वहीं सीजन के हिसाब से भी जरूरत की चीजें उपलब्ध हो जाती हैं।
हैदरगंज गांव के पास वाराणसी- गोरखपुर फोरलेन के सर्विस लेन पर लगा सब्जी का बाजार। संवाद