कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के बहरार गांव में स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के पुजारी को बीते बुधवार को मारपीट कर कुछ दबंगों ने घायल कर दिया। यही नहीं, उनकी दाढ़ी नोंच ली। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। शुक्रवार को पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर तलाश में जुट गई।
मालूम हो कि पुजारी नागा बाबा बुधवार की देर शाम सिधागर चट्टी पर बाजार करने गए थे। बाजार कर वापस मंदिर जाते समय रास्ते में नशे में धुत बहरार गांव निवासी एक मनबढ़ किस्म के युवक ने उन्हें रोका और गालियां देने लगा। बाबा द्वारा इसका विरोध करने पर कहासुनी करने लगा। किसी तरह युवक से पीछा छुड़ाकर पुजारी मंदिर परिसर में स्थित अपने आश्रम पर चले आए। 15 मिनट बाद उक्त युवक अपने अन्य दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। तीनों युवकों ने नागा बाबा की लात घूसों से पिटाई के बाद सीने पर चढ़कर उनकी दाढ़ी नोच डाली। यही नहीं, ईंट से वारकर सिर भी फोड़ दिया। लगभग दो घंटा तक वह बेहोश पड़े रहे। लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। घायल पुजारी को लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए। चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को पीड़ित द्वारा मिली तहरीर के आधार पर अमला यादव, संदीप यादव और मिथिलेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कानून तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।