गाजीपुर। कक्षा 7 की छात्रा को केबिन में बुलाकर छेड़खानी करने के आरोप में डालिम्स सनबीम स्कूल रक्सहां के मैनेजर साकिब खान को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि मैनेजर ने छात्रा को फोन करके पहले गंदी बात की, फिर केबिन में बुलाकर छेड़खानी की। छात्रा दूसरे समुदाय की है। इस वजह से स्थिति तनावपूर्ण है। घटना से छात्र और अभिभावकों में भी नाराजगी है।
रेवतीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता डालिम्स सनबीम स्कूल रक्सहां में कक्षा सात की छात्रा है। छात्रा के दादा ने दिलदारनगर थाना पुलिस को जो तहरीर दी है, उसके मुताबिक, मैनेजर साकिब खान ने नौ सितंबर को छात्रा को फोन किया था। वह स्कूल से पढ़कर घर लौटी थी। छात्रा से परिजनों ने पूछा कि जिस मोबाइल नंबर से बात हो रही, वह किसका है। इस पर पीड़िता ने बताया कि मां का है। आरोप है कि मैनेजर ने छात्रा से कहा कि अपना पर्सनल नंबर दो। लेकिन, छात्रा ने नहीं दिया। सुबह फिर फोन किया और गंदी बातें करने लगा। स्कूल जाने पर मैनेजर ने छात्रा को केबिन में बुलाया और हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करने लगा। गंदी बात भी की। घर आने बाद छात्रा ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद छात्रा के दादा दिलदारनगर थाने पहुंचे और मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी मैनेजर साकिब खान को गिरफ्तार कर लिया है। इस सिलसिले में स्कूल प्रबंधन का पक्ष नहीं मिल सका है।
....तुम मुझे बहुत अच्छी लगती हो
पीड़िता के दादा की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक मैनेजर साकिब खान उनकी पोती को अपने केबिन में बुलाया। हाथ पकड़कर अपनी तरफ खींचने लगा और अकेले में बात करने के लिए मोबाइल नंबर मांगा। मैनेजर ने कहा कि मेरे साथ रहोगी तो अच्छा रहेगा। तुम मुझे बहुत अच्छी लगती हो। तुम्हें कोई टीचर कुछ नहीं बोलेगा। आरोपी की बात करने का लहजा अश्लील था।
स्कूल नहीं गई छात्रा
मैनेजर की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित छात्रा स्कूल नहीं गई। मां का कहना है कि परिवार के लोग बाहर गए हैं. इसलिए उन्होंने बेटी को स्कूल नहीं भेजा। बेटी इस स्कूल में पढ़ेगी या नहीं, यह निर्णय परिवार के सदस्यों के आने के बाद लिया जाएगा।
ऊंची पहुंच का जमाता है धौंस
गिरफ्तार आरोपी की मां ग्राम प्रधान है। कुछ दिन पहले गबन मामले में कार्रवाई भी हुई थी। खाता सीज कर दिया गया था। आरोपी अधिकारियों और बड़े नेताओं के संपर्क में रहता था। उनके साथ की तस्वीरें भी वायरल करता था। ऊंची पहुंच के चलते आरोपी ने खाता बहाल करा लिया और क्षेत्र में धौंस जमाता रहता था। मारपीट की घटना को लेकर भी मामला थाने तक पहुंचा था।
छात्रा सेू छेड़खानी के आरोप में डालिम्स सनबीम स्कूल रक्सहां के मैनेजर साकिब खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -महेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक, दिलदारनगर