गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के लारपुर गांव के जोलबगिया कब्रिस्तान के पश्चिम स्थित खेत में मंगलवार को धारदार हथियार से हत्या कर फेंका गया युवक का शव मिला। युवक के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई।
लारपुर गांव निवासी दिनेश दुबे का पुत्र प्रदीप दुबे (28) सोमवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था। देर रात तक जब घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने कई बार उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। परिजनों ने गांव में इधर-उधर उसकी तलाश करने के साथ ही पास-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने जोलबगिया कब्रिस्तान के पश्चिम स्थित खेत में उसका शव देखा। जानकारी होते ही परिवार के लोग पहुंच गए। प्रदीप के गले पर धारदार हथियार से वार के कई निशान थे। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना पुलिस के साथ ही पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह, सीओ सैदपुर महिपाल पाठक मौके पर पहुंच गए और परिजनों से पूछताछ की।
प्रदीप दो भाइयों में छोटा था। दो बहनें रजनी एवं प्रीति दुबे की शादी हो चुकी है। प्रदीप वाराणसी के पड़ाव स्थित गेहूं गोदाम में नौकरी करता था और जो तीन दिनों पूर्व घर आया था। पिता दिनेश दुबे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।