गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। ट्रैक पर शव पड़े रहने से करीब आधे घंटे तक डाउन लाइन की ट्रेन का परिचालन प्रभावित रहा। स्टेशन मास्टर ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने शव को ट्रैक से हटाकर दूसरे तरफ रख, तब जाकर ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नवली गांव निवासी अनिल पाल (28) दवा के लिए घर से निकला था। वह सुबह ट्रेन पकड़ कर वाराणसी जाने वाला था। ट्रेन से कटकर मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख- पुकार मच गई।
मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। एक भाई घर पर ही रहकर पढ़ाई करता है। मां मीरा देवी रोते- रोते बेहोश हो जा रही थी। इस संबंध में दिलदारनगर जीआरपी चौकी इंचार्ज आरके मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।