शहर के चीतनाथ इंटर कॉलेज में विजेता ट्रॉफी के साथ प्रतियोगिता के विजेता छात्र व छात्राएं। स्रोत
गाजीपुर। मेरा युवा भारत की ओर से गांधी-शास्त्री जयंती पर डीएवी इंटर कॉलेज में निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के साथ स्वच्छता एवं साक्षरता पर नाट्य मंचन किया गया।
विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। निबंध प्रतियोगिता में मैथिली प्रथम, सलोनी द्वितीय और सत्यम तृतीय रहे। चित्रकला में खुशी वर्मा प्रथम, प्रिंसी द्वितीय और मुजम्मिल तृतीय रहे।
भाषण प्रतियोगिता में आशीष वर्मा प्रथम, सुहाना द्वितीय और आफरीन तृतीय रहीं। विजेताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि समाजसेवी सरोज कुमार राय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
नाट्य प्रस्तुति में अनन्य, निधि पांडे, सुहाना, मंजिली, खुशी, माही, सुनैना और अनुराधा ने भाग लिया। प्रधानाचार्य डॉ. हरिशंकर, पूर्व लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र, प्रबंधक आदित्य कुमार समेत विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं और युवा मंडल के कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद