गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र में गंगा नदी में मिली युवती के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि 15 अप्रैल को जमानिया-धरम्मरपुर पुल के पास एक युवती का चप्पल, मोबाइल और गमछा मिला था। बाद में गंगा नदी से युवती का शव बरामद हुआ था। परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद मृतका के पिता सियाराम से क्षेत्राधिकारी नगर शेखर सेंगर मिले और पीड़ित की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एसपी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सूचना पर मुख्य आरोपी हरिओम पांडेय (19) निवासी कटरिया थाना करंडा को बड़सरा बाईपास (आरीपुर-पहाड़पुर) के पास से रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी ने बताया कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा मामले को जातिगत रंग देकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरुण पाण्डेय सहित करंडा थाना पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।