मृतका के भाई ने चार के खिलाफ दर्ज कराया केस
मामला विवाहिता के आत्महत्या करने का
संवाद न्यूज एजेंसी
भांवरकोल। थाना क्षेत्र के किशुनपुरा गांव में रविवार की सुबह एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया था। इस मामले में सोमवार को मृतका के भाई ने पति, भसूर और भसूर के दो पुत्रों के खिलाफ तहरीर दी। मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
मालूम हो कि किशुनपुरा गांव निवासी रामकेवल राम की पत्नी गीता (35) रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे छत की कुंडी से रस्सी से लटकते और छटपटाते हुए मिली थी। पति उसको उतारकर चिकित्सक के पास ले गया था, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के मायके के लोग भी थाना पहुंच गए थे। सोमवार को मृतका के भाई ने तहरीर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने बताया कि मृतका के भाई विभूति राम द्वारा प्रताड़ना की तहरीर पर पति रामकेवल राम, भसूर बब्बन राम और भसूर के पुत्रों अजय तथा पुल्लू के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।