गाजीपुर। लॉकडाउन का शत-प्रतिशत पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों और गलियों में पुलिस का कड़ा पहरा है। इस दौरान जो लोग भी बेवजह घूमते हुए मिल रहे हैं, उन्हें दोबारा बाहर न निकलने की हिदायत देकर घर वापस भेज दे रहे हैं।
कोरोना वायरस को लेकर 25 मार्च से लॉकडाउन की शुरुआत हुई थी। लोग इसका उल्लंघन करते हुए घरों से बाहर न निकलें, इसे लेकर पुलिस गंभीर है। नगर के तिराहों-चौराहों, प्राय: सभी मार्गों के साथ ही गलियों में पुरुष और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। बृहस्पतिवार की देर शाम नगर के टाउनहाल, मछली बाजार, बरबहरना, नखास एरिया को सील करने की कार्रवाई प्रशासन की ओर से की गई है। इन इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है। लोग लगातार पैनी नजर रखे हुए है कि कोई भी व्यक्ति घर से बाहर न निकले। लाकडाउन के दौरान जो भी आवागमन करते हुए नजर आ रहा है, पुलिस उसे रोक ले रही हैं। उनसे बाहर निकलने का कारण पूछ रही है, पूछताछ में जो लोग सही पाए जा रहे हैं, उन्हें तो नहीं बोल रहे हैं, लेकिन जो लोग बिना किसी काम के निकल रहे हैं, उन्हें दोबारा न निकलने की हिदायत देते हुए घर भेज दे रही है। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य और पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह लगातार चक्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।